आजमगढ़। बरदह थाना पुलिस ने ज्वेलरी शॉप में लूट की योजना बना रहे दो अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। दोनों का पुलिस ने संबंधित धाराओं में चालान कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि बरदह थाना पुलिस बृहस्पतिवार को क्षेत्र भ्रमण पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ बदमाश असलहे से लैस होकर बरम बाबा मंदिर गेट बरदह पर मौजूद है। जो किसी ज्वेलरी शॉप पर लूट की योजना बना रहे है। इस सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई और मौके पर मौजूद दो बदमाशों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर इनके पास से एक तमंचा, कारतूस व बाइक बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम औलाद हुसैन पुत्र गुलखान निवासी वार्ड नंबर एक देवगिरी कालोनी थाना सेंधवा जिला बड़वानी मध्य प्रदेश व अफरीदी पुत्र निशार हुसैन निवासी मकान नंबर 12 स्थानघेर सामू खां थाना कोतवाली जिला फरूखाबाद बताया। पूछताछ में दोनों ने यह भी बताया कि वे भीरा बाजार स्थित एक ज्वेलरी शॉप पर लूट की योजना बना रहे थे। दोनों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया है।