आजमगढ़। बरदह थाना अंतर्गत चौकी मोड़ ढाबा पर खड़ी पिकअप में पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दिया। इस हादसे में पिकअप में आग लग गई। जिससे पिकअप पर लदी कई पेटी अंग्रेजी शराब जल गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने किसी तरह आग पर काबू पाया। दुर्घटना करने वाले ट्रक को पुलिस ने पकड़ लिया है।
अंग्रेजी शराब की साढ़े तीन सौ पेटी शराब लाद कर एक पिकअप चालक सोनभद्र जा रहा था। रात में पिकअप चालक हीरालाल प्रजापति पुत्र पंचम निवासी मकदूमपुर थाना बदलापुर जिला जौनपुर बरदह थाना अंतर्गत चौकी मोड़ ढाबा पर पिकअप सड़क किनारे खड़ा कर चाय पीने लगा। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से धक्का मार दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि शराब लदी पिकअप में आग लग गई। जिसमें कई पेटी अंग्रेजी शराब जल गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने किसी तरह आग पर काबू पाया। वहीं घटना की जानकारी होते ही बरदह थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और दुर्घटना करने वाले ट्रक को पकड़ कर थाने ले गई। शराब लदी पिकअप में आग लगने की जानकारी होने पर आबकारी विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल किया।