लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के मसुरियापार गांव का एक युवक शनिवार को मछली मारते वक्त पांव फिसलने से छोटी सरयू नदी में बह गया। रौनापार थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। रविवार की सुबह पीएसी के गोताखोरों को बुला कर नदी में तलाश कराई जा रही है।
मसुरियापुर गांव निवासी दीपेश सिंह उर्फ पिंटू (35) शनिवार की शाम गांव के पास से गुजरी छोटी सरयू नदी की शाखा के किनारे मछली मारने गया था। पैर फिसलने से वह नदी की धारा में बहने लगा। जब तक उसे बचाने का प्रयास होता तब तक वह डूब गया। आसपास मौजूद लोगों के माध्यम से सूचना घर पहुंचने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। कुछ युवकों ने नदी में उसकी तलाश की। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई लेकिन अंधेरा होने पर तलाश बंद करनी पड़ी। रविवार को रौनापार थाना पुलिस ने पीएसी के गोताखोरों को बुला कर दीपेश की तलाश में लगा दिया है। 24 घंटे बाद भी उसे नदी से बरामद नहीं किया जा सका था। वहीं घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।