मायके वालों की तहरीर पर पति को पत्नी की हत्या, दहेज उत्पीड़न और अपहरण करने के मामले में 13 माह जेल में रहना पड़ा। हाईकोर्ट से जमानत मिलने पर पति बाहर आया। वही पत्नी अब जिंदा मिली है। पुलिस उक्त पत्नी को इटावा में उसके प्रेमी के साथ पकड़ा है। पत्नी के जिंदा बरामद होने के बाद पति ने बृहस्पतिवार को दिन में सजा दिलाने वालों पर कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर आत्महत्या का भी प्रयास किया।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मसोना गांव निवासी दीपू पुत्र राजेंद्र की शादी 11 जून 2019 को मऊ जिले के घोसी थाना क्षेत्र के छोटी डाड़ी गांव निवासी मंगरु की पुत्री रुचि के साथ हुई थी। कुछ दिन ठीक-ठाक बीता इसके बाद वह फोन से किसी से बात करने लगी। पति ने इसके बारे में पूछा तो वह बहानेबाजी करने लगी। इस बात को लेकर पति के साथ तकरार भी हुई। इसके बाद वह मामा के घर चली गई। जीयनपुर कोतवाली में दोनों परिवार के बीच पंचायत हुई सुलह समझौता के बाद वह वापस अपने पति के साथ ससुराल चली आई। एक सप्ताह भी नहीं बीता था कि 20 सितंबर 2019 को ससुराल से लगभग तीन लाख रुपए का गहना समेटकर भाग गई। पति दीपू ने जीयनपुर कोतवाली में इसकी लिखित प्रार्थना पत्र दिया कि मेरी पत्नी गहने आदि लेकर कहीं भाग गई है। वहीं लड़की की मां माया देवी पत्नी मंगरू निवासिनी छोटी डाड़ी थाना घोसी, जिला मऊ ने जीयनपुर कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि मेरी पुत्री रुचि को उसके पति दीपू, ससुर राजेंद्र और जेठानी विनीता दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे और दहेज न मिलने पर उसकी हत्या कर दी। पुलिस मुकदमा दर्ज पति को पकड़ कर पूछताछ की इसके बाद पति को न्यायालय भेज दिया गया। न्यायालय से दीपू को जेल भेज दिया गया 13 माह तक जेल में रहा। 13 महीने बाद दीपू की हाईकोर्ट से जमानत हुई। दीपू ने बताया कि मेरी जमानत और मुकदमा लड़ने के लिए मेरे पिता ने अपनी जमीन बेच दी। मैं सब्जी बेचता था और ठेले पर गन्ने का जूस बेचकर रोजी रोटी चलाता था। उसको भी बेचना पड़ा, खाने की लाले पड़ गए। मैं बार-बार कहता रहा कि मैंने उसकी हत्या नहीं की है। मेरी पत्नी रुचि कही भाग गई उसे ढूंढने की जरूरत है। मेरी बातों पर जीयनपुर कोतवाली के एसएसआई चंद्रशेखर यादव ने विश्वास किया। वह इसका पता लगाने में जुट गए। उनका प्रयास से मेरी पत्नी रुचि इटावा जिले के इटैली में प्रेमी के साथ मिली। एसएसआई चंद्रशेखर यादव वहां तक पहुंचे और दोनों को हिरासत में ले लिया। पीड़ित पति दीपू ने अब सास माया देवी, लड़की के मामा निरंजन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। दोपहर तक कार्रवाई न होने पर उसने आत्महत्या का भी प्रयास किया, लेकिन परिजानों ने किसी तरह उसे बचा लिया।