शहर के फराशटोला मुहल्ले में गंदे पानी से निकलने के लिए रखा गया बेंच ।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। एक सप्ताह बाद भी नपा व जिला प्रशासन शहर को जल जमाव से मुक्त नहीं कर सका है। फराशटोला मुहल्ले की हालात नारकीय होती जा रही है। आबादी के बीच गड्ढा जहां पूरी तरह से भर चुका है तो वहीं अब मुहल्ले के गलियों व रास्तों में भी जल जमाव होने लगा है। जल निकासी के लिए नपा प्रशासन चार दिनों से यहां पंपसेट लगवा जरूर दिया है, लेकिन उसे चालू करना भूल गई है।
फराशटोला मुहल्ला शहर के पूर्वी छोर पर स्थित है। इस मुहल्ले के बाद सड़क है और फिर तमसा नदी बहती है। लोगों के घरों से निकलने वाला गंदा पानी फराशटोला मुहल्ला होते हुए रेगुलेटर से तमसा नदी में जाता है। इन दिनों तमसा का जल स्तर भी बढ़ गया है। जिसके चलते चार दिनों पूर्व प्रशासन के निर्देश पर रेगुलेटर को बंद कर दिया गया है। बरसात तो नहीं हुई लेकिन रेगुलेटर के बंद हो जाने से शहर का गंदा पानी फराशटोला मुहल्ले में जमा हो रहा है। जल निकासी के लिए नपा प्रशासन मुहल्ले में रेगुलेटर के पास पंपसेट तो खड़ा करा दिया है लेकिन उसे चालू करना भूल गया है। जिससे मुहल्ले के हालात लगातार नारकीय होते जा रहे है। मुहल्ले के गलियों व रास्तों पर भी अब पानी भरने लगा है। घरों से गंदे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है और ओवरफ्लो कर घरों में भी जमा होने लगा। सबसे बड़ी समस्या शौचालय की हो गई है। नपा द्वारा बनवाया गया सार्वजनिक शौचालय अब भी बंद पड़ा है, जिसके चलते महिलाओं को शौच के लिए काफी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। पीने के पानी की भी समस्या मुहल्ले में उत्पन्न हो गई है।