आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के जिवली बाजार स्थित यूनियन बैंक की शाखा पर पैसा जमा करने पहुंचा व्यक्ति उच्चकागिरी का शिकार हो गया। उच्चकों ने उसका झोला ब्लेड से काट कर उसमे रखे 40 हजार रुपये उड़ा दिए। पीड़ित की शिकायत पर बरदह थाना पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
सहनुडीह गांव निवासी रामजतन गुप्ता पुत्र अलगू गुप्ता का खाता यूबीआई जिवली शाखा में है। मंगलवार को वह 40 हजार रुपये झोले में रख कर जमा करने के लिए बैंक की शाखा पर पहुंचा था। जमा पर्ची भर कर वह कैश काउंटर पर पहुंचा तो झोले से पैसा गायब मिला। वहीं झोला कटा हुआ था। पैसा गायब देख रामजतन गुप्ता के होश ही उड़ गए। सूचना पर एसओ बरदह विनय मिश्रा मय दल बल बैंक की शाखा पर पहुंच गए और सीसी टीवी फुटेज आदि खंगालने में जुट गए। बैंक मैनेजर जहां घटना को संदिग्ध बता रहे है तो वहीं एसओ का कहना है कि सीसी टीवी में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखा है। जिसका पता लगाया जा रहा है। जल्द ही आरोपी उच्चके को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।