निजामाबाद थाना क्षेत्र के हुसामपुर बड़ागांव ग्राम निवासी एक व्यक्ति के घर में बुधवार की रात प्रधान पुत्र ने चोरी किया। नकदी व जेवरात लेकर वह चंपत हो गया। देर रात घर लौटे गृहस्वामी ने सीसी टीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान किया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत करने के साथ ही आरोपी प्रधान पुत्र को गिरफ्तार कर लिया।
हुसामपुर बड़ागांव निवासी हसीबुद्दीन पुत्र शमसेर खान बुधवार को परिवार के साथ किसी वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। बंद घर में बुधवार की देर शाम साढ़े सात बजे गांव की महिला प्रधान ज्ञानती देवी का पुत्र आकाश चौहान घर में घुस गया और 43 हजार रुपये नकद के अलावा सोने का हार व अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गया। पीड़ित घर पर सीसी टीवी कैमरा लगा रखा था। उसने जब सीसी टीवी में रिकार्ड फुटेज को देखा तो प्रधान पुत्र द्वारा चोरी करने की पूरी घटना सामने आ गई। इसके बाद पीड़ित फरिहां चौकी पर पहुंचा और सीसी टीवी फुटेज के साथ प्रधान पुत्र के खिलाफ नामजद तहरीर दिया। पुलिस ने फुटेज देखने के बाद नामजद मुकदमा पंजीकृत कर लिया और बृहस्पतिवार की सुबह आरोपी प्रधान पुत्र आकाश चौहान को गिरफ्तार भी कर लिया।