अंबारी। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खानजहांपुर गांव में सोमवार को आकाशीय बिजली की चपेट में आकर एक युवक की जहां मौत हो गई। वहीं दो अन्य लोग बाल-बाल बच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के समय मृत युवक मवेशियों को चराने के लिए ले गया था।
खानजहांपुर छोटका पुरा गांव निवासी 35 वर्षीय जितेंद्र कुमार यादव पुत्र रामबचन यादव सोमवार की सुबह अपने मवेशियों को चराने के लिए गांव के सीवान की तरफ गया था। दिन में लगभग एक बजे बिजली गिरी, जिसकी चपेट में वह आ गया। कुछ दूरी पर दो अन्य युवक भी मौजूद थे जो बाल-बाल बच गए। दोनों युवकों के शोर मचाने पर ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंचे। जितेंद्र को तत्काल इलाज के लिए जौनपुर जिले के शाहगंज स्थित प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक एक पुत्र व एक पुत्री का पिता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं लेखपाल अनिल सिंह ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया।