आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत जनपद के 22 ब्लाकों के गांव- गांव भारत माता का रथ पहुंचेगा। गोरक्ष प्रांत संयोजक व प्लास्टिक सर्जन डॉ सुभाष सिंह ने मंगलवार को करतालपुर बाईपास स्थित एक होटल के सभागार में प्रेस वार्ता आयोजित कर आजादी के अमृत महोत्सव के कार्यक्रमों पर विस्तार से बताया।
डा सुभाष सिंह ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 19 नवंबर से 19 दिसंबर तक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इसके अंतर्गत भारत माता का रथ निकलेगा जो कि जनपद के हर गांव में देशभक्ति की अलख जगाएगा। उन्होंने कहा कि 19 नवंबर के दिन रानी लक्ष्मी बाई का जन्म हुआ था एवं 19 दिसंबर को राम प्रसाद बिस्मिल का बलिदान दिवस है। इन तिथियों के बीच जनपद के स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया जाएगा। आजादी के इस अमृत महोत्सव में जन जन की भागीदारी सुनिश्चित हो अमृत महोत्सव आजमगढ़ का संयोजक अनिल सिंह को बनाया गया है। वहीं डॉ शशि कुमार मिश्र ने जनपद के इतिहास एवं स्वतंत्रता सेनानियों पर प्रकाश डाला। इस मौके पर अम्बेश, सुशील, डॉ पारिजात बरनवाल, डा मनीष त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
उधर, लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार अमृत महोत्सव को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह सुरेश शुक्ल ने संघ कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित किया। अमृत महोत्सव में कार्यक्रम की योजना के तहत दीवार लेखन, विद्यालयों में भारत के स्वतंत्रता के विषय पर निबंध प्रतियोगिता, शोभायात्रा, महाविद्यालयों में स्वतंत्रता के अमृत यात्रा एवं सामूहिक वंदे मातरम का गायन मानव श्रृंखला आदि बनाकर देशभक्त के भाव का जागरण कराया जाएगा। इस मौके पर डॉ अम्ब्ररीश सिंह, सुनील, अवनीष, मनीष रजनी कांत त्रिपाठी, प्रदुम्न सोनकर आदि मौजूद रहे।