निजामाबाद पुलिस ने रविवार को 25 हजार के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। वह 2013 में लड़की भगाने व रेप के मामले में गिरफ्तार हुआ था। 15 अप्रैल 2014 को जमानत पर रिहा होने के बाद वह फरार चल रहा था।
24 अक्तूबर 2013 को निजामाबाद थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति द्वारा थाने में तहरीर दी गई कि बबलू यादव निवासी मोहनपुर थाना निजामाबाद उसकी लड़की को लेकर भाग गया तथा उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। उक्त मामले में बबलू 15 अप्रैल 2014 को जमानत पर रिहा हुआ और फिर फरार हो गया। वह मुकदमें में तारीख पर उपस्थित भी नहीं हो रहा था। न्यायालय द्वारा अभियुक्त के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की गई तथा जमानतदारों के खिलाफ वसूली वारंट जारी किया गया। हाईकोर्ट द्वारा अभियुक्त बबलू की जमानत को रद्द करने के बाद उसकी गिरफ्तारी का वारंट जारी किया गया था। आदेश के अनुपालन में फरार चल रहे बबलू की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन किया गया। इसमें प्रथम टीम थानाध्यक्ष सच्चिदानन्द यादव व द्वितीय टीम श्रीप्रकाश शुक्ला स्वाट टीम प्रभारी के नेतृत्व में गठित की गई। रविवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बबलू यादव को सेंटर मोड़ से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वर्ष 2017 में फरार होकर वह उड़ीसा चला गया था। तब से वह घर वालों से कोई संपर्क नहीं किया। आज घर मिलने के लिए जा रहा था कि पकड़ लिया गया।