आजमगढ़: तमंचे के बल पर किशोरी को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म,
- फोटो : सोशल मीडिया
आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी को तीन युवकों ने असलहे के बल पर अपहृत कर सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के समय वह अपनी मां के साथ शौच के लिए खेत की तरफ गई थी। पिता ने घटना के बाबत थाने में नामजद मुकदमा दर्ज कराया। जिस पर पुलिस ने दो अभियुक्तो को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एक आरोपी अभी फरार है।
पुलिस को दी तहरीर में वादी मुकदमा ने बताया कि उसकी पत्नी व पुत्री शौच के लिए खेत की तरफ गई थी। इसी दौरान तीन की संख्या में युवक मौके पर पहुंचे और उसकी पुत्री को तमंचा सटा कर अगवा कर ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया। उन्होंने आकाश यादव व अभिषेक पाठक समेत तीन लोगों को नामजद किया।
तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि तमंचे के बल पर किशोरी को अगवा कर गैंगरेप के आरोपी गोपालगंज टैक्सी स्टैंड के पास खड़े गए है। इस सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और दो आरोपियों को पकड़ लिया जबकि एक अभी फरार चल रहा है। पुलिस ने दोनों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया है।