पूर्वमंत्री दुर्गा प्रसाद यादव के पुत्र पूर्व प्रमुख विजय यादव
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया। सेठवल जिला पंचायत सीट से विजय हासिल करने वाले जिला पंचायत सदस्य व पूर्वमंत्री दुर्गा प्रसाद यादव के पुत्र विजय यादव को पार्टी ने प्रत्याशी घोषित किया है।
वहीं सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष हवलदार यादव को एक बार फिर से पार्टी का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जनपद के सदर विधानसभा सीट से नौ बार विधायक पद का चुनाव जीते पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव के बड़े सुपुत्र एवं पूर्व ब्लाक प्रमुख विजय यादव इस बार जिला पंचायत क्षेत्र के सेठवल सीट से चुनाव लड़े थे।
चुनाव जीतने के बाद समाजवादी पार्टी की ओर से जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी घोषित करने के लिए जिला कमेटी से प्रस्तावित नामों की सूची मांगी गई थी। जिसमें विजय यादव के साथ ही पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मीरा यादव और पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष पप्पू कुमार यादव ने इस पद के लिए अपना दावा ठोका था।