माध्यमिक स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाओं की निगरानी के लिए तहसीलवार टीम बनाई गई है। इसमें शिक्षा विभाग के अधिकारियों को शामिल किया गया है। यह टीम स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाओं की मानीटरिंग कर पठन-पाठन की रिपोर्ट प्रतिदिन जिला विद्यालय निरीक्षक को देगी। वहां से इसे शासन को भेजा जाएगा।
कोरोना संक्रमण के चलते जनपद के स्कूल फिलहाल बंद हैं और छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन पढ़ाया जा रहा है। बीते दिनों कई अभिभावकों द्वारा स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई सही ठंग से न कराने की शिकायत सामने आ रही थी। अभिभावकों का कहना था कि स्कूलों में ग्रुप तो बना दिया गया है, लेकिन अध्यापक बच्चों को सही ठंग से पढ़ा नहीं रहे हैं। इस समस्या को देखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षण ने तहसीलवार टीम गठित कर दी है जो ऑनलाइन शिक्षा की निगरानी करेगी। ऑनलाइन कक्षाओं की निगरानी के लिए टीम के सदस्यों का नंबर स्कूलों की विभिन्न कक्षाओं के ऑनलाइन ग्रुपों से जोड़ा जाएगा। इसके माध्यम से टीम के सदस्य ऑनलाइन कक्षाओं की निगरानी करेंगे। टीम के सदस्य समय-समय पर छात्र-छात्राओं से फीडबैक भी लेंगे और उनकी समस्याओं के बारे में पूछताछ करते रहेंगे, जिसकी रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी।