अंबारी। फूलपुर तहसील क्षेत्र के अतमऊआ गांव में बृहस्पतिवार की रात एक व्यक्ति के खेत में दो फीट परिधि की जमीन लगभग दस फीट नीचे धंस गई। संयोग अच्छा था कि उस वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था। जमीन धंसने की इस घटना को देखने सुबह मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। माना जा रहा है कि इस स्थान पर पूर्व में कभी कुआं रहा होगा, जिससे मिट्टी धंस गई।
बताते चलें कि अतमऊआ गांव निवासी लालमन पुत्र फूलचंद्र ने घर से करीब 500 मीटर दूरी पर स्थित खेत में धान की रोपाई के लिए बुधवार की शाम को खेत की जुताई कराई थी है। बृहस्पतिवार की रात किसी समय खेत में जमीन धंस गई। शुक्रवार की सुबह लालमन का परिवार खेत से घास निकालने पहुंचे तो खेत में कुएं जैसा गड्ढा देखकर हैरान हो गए। खेत में दो फीट की परिधि में करीब दस फीट नीचे तक गड्ढा बना था। सूचना गांव में फैलते ही वहां भीड़ जमा हो गई। लोगों का मानना है कि यहां कभी कुआं रहा होगा, जिसे बाद में पाट दिया गया होगा। बारिश के चलते मिट्टी बैठ गई। हालांकि मौके पर जुटे बुजुर्गों को भी यह पता नहीं है कि यहां पहले कभी कुआं रहा था। अतमऊआ गांव के 63 वर्ष के सेखई और रामलाल का कहना है कि मेरी जानकारी में यहां कभी कुंआ नहीं था। खेत में इस प्रकार से बना गड्ढा चर्चा का विषय बना है।