आजमगढ़। चाइल्ड केयर क्लिनिक सिधारी के शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. डीडी सिंह ने विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर कहा कि शौक के कारण कुछ लोग जाने अनजाने में तम्बाकू उत्पादों का सेवन शुरू करते हैं। बाद में यही शौक लत मेँ परिवर्तित हो जाता है। बीड़ी, सिगरेट, जर्दा, खैनी, हुक्का, गुटखा, तम्बाकू वाला पान, गुल इत्यादि ये सभी तंबाकू से बने होते हैं। अगर आप इनमें से किसी का भी सेवन कर रहे है तो इसका सीधा मतलब है की आप बहुत से खतरनाक रोगों को दावत दे रहे हैं।
तंबाकू में 28 तरह के कार्सिनोजेनिक तत्व होते हैं जिनसे कैंसर हो सकता है। इनमें निकोटीन के अलावा टार, मार्श गैस, अमोनिया, कोलोडान, पापरीडिन, फॉस्फोरल प्रोटिक अम्ल, परफैरोल, ऐजालिन सायनोजोन, कोर्बोलिक ऐसिड, बेनजीन इत्यादि कैंसर उत्पन्न करने वाले अनेक तत्व तथा रसायन पाये जाते हैं। पिछले वर्ष जारी आकड़ों के अनुसार देशभर में करीब 2739 लोग तंबाकू व अन्य धूम्रपान उत्पादों के कारण कैंसर व अन्य बीमारियों से हर रोज दम तोड़ देते हैं। इतने हानिकारक प्रभावों को देखते हुए हर आदमी इसे छोड़ना चाहते है, फिर भी तंबाकू, सिगरेट, गुटखा हो या अन्य कोई निकोटीन युक्त पदार्थ, बुरी तरह आदी होने पर छोड़ना मुश्किल हो जाता है। विश्व तंबाकू निषेध दिवस दुनिया भर में धूम्रपान करने के प्रभाव, तंबाकू चबाने और इससे उत्पन्न हुई बीमारियां जैसे कि कैंसर, दिल की बीमारियां, आदि के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए 31 मई को मनाया जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के अनुसार, एक सिगरेट जिंदगी के 11 मिनट और पूरा पैकेट तीन घंटे 40 मिनट छीन लेता है।
इनका रखे ध्यान
--यह मुंह में अल्सर, दांत की सड़न और पीला होना आदि का कारण बन सकता है।
--इसके सेवन से सांसों में बदबू होने की शिकायत हो जाती है।
--यदि कोई व्यक्ति तंबाकू का सेवन लगातार करता है तो कैंसर, फेफड़ों की बीमारी, हृदय रोग, स्ट्रोक इत्यादि जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
--तंबाकू चबाने वाले व्यक्ति को मुंह के कैंसर होने की संभावना बढ़ जाती है।
ऐसे छोड़ें नशा
--नशा छोड्ने का मन से निश्चय करेँ। मन को पक्का करें कि आप इस गंदी लत को हर हालत में छोड़ना चाहते हैं।
--एक झटके से इन चीजों को छोड़ने की गलती ना करें। सिगरेट, गुटखा आदि की मात्रा धीरे धीरे कम करते जाए।
--अगर इन चीजों का सेवन करने का मन करें तो किसी से बात करें और अपना ध्यान इस ओर से हटा लें।
--अगर कोई इन चीजों का सेवन करने के लिए उकसाए या दवाब बनाएं तो खुद को दृढ़ रखें और साफ इंकार करें।
--तंबाकू छोड़ने के लिए मुह में इलायची, सौफ या च्यूइंगम चबाते रहिये।
--अपने पास सिगरेट, गुटखा, तम्बाकू, एवँ माचिस आदि रखना छोड देँ।
--खान पान एवं लाइफ स्टाइल में सुधार करें। पौष्टिक भेाजन करें, भरपूर पानी पीएं और इसके साथ शारीरिक व्यायाम जरूर करें।
--योग और प्राणायाम के माध्यम से मन को मजबूत करें।