परानापुर आरटीओ ऑफिस मार्ग पर लगे पानी में खड़े हो कर प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। विकास का कितना भी दावा किया जाए लेकिन हकीकत बिल्कुल इसके उलट है। इसी को लेकर वीवीआईपी क्षेत्र कहे जाने वाले शहर से सटे परानापुर में सारथी सेवा संस्थान के विनीत सिंह रीशू के नेतृत्व में सोमवार को जल सत्याग्रह किया। हाथों पर तख्तियों पर जाति पर बिक जाओगे ऐसा रोड पाओगे जैसे व्यंगात्मक स्लोगनों के जरिए जनता को जागरूक करने का काम किया।
सारथी संस्था के संयोजक विनीत सिंह रीशू ने कहा कि परानापुर मार्ग पर पूर्व सांसद से लगायत एमएलसी, विधायक आदि का आवास है। इसके साथ ही परानापुर के दूसरी तरफ चंद मीटर की दूरी पर डीएम, एसपी, सीडीओ से लेकर कई आलाधिकारियों के आवास हैं। लेकिन यहां के लोगों के लिए बारिश मुसीबत बन चुकी है। निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से हल्की बारिश से ही सड़क जलमग्न हो जाती है, नाली का पानी लोगों के घरों में घुस जा रहा है लोगों का घर से निकलना दूभर हो जा रहा है। पानी के सड़न से मुहल्ले में संक्रामक रोग फैलने की आशंका हो गयी है। वहीं इस मार्ग की हालत बेहद जर्जर है जिसके कारण बाइक, साइकिल वालों का गुजरना खतरों को दावत देना है। सडक पर लबालब जलजमाव से आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं लेकिन लग्जरी गाड़ियों में चलने वाले नेता और अधिकारियों को जनता के दुख-दर्द से कोई सरोकार नहीं रह गया है। पवन सिंह सम्राट और रवि पांडेय ने कहा कि अधिकारियों और नेताओं की उदासीनता के सारथी सेवा संस्थान कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। अभी तो इनके अंदर कोई मानवता बची हो तो जनहित को देखते हुए तत्काल उचित कार्रवाई करते हुए जनता को इस गंदे पानी से निजात दिलाएं। स्थानीय निवासी अविनाश पांडे ने बताया कि हम लोग आने वाले समय में यहां जल सत्याग्रह करेंगे और निरंकुश प्रशासन को आईना दिखाने का कार्य करेंगे। इस मौके रवि शंकर पांडेय, मुन्ना, अविनाश पांडेय, अभिषेक उपाध्याय, संदीप यादव, सरवन पांडेय, सोनू उपाध्याय, संगम पांडेय, विशाल सिंह, डा. संतोष तिवारी आदि उपस्थित थे।