आजमगढ़। बोर्ड परीक्षा में नियंत्रण कक्ष से ऑनलाइन न जुड़ने वाले विद्यालय तीन साल के लिए डिबार किए जाएंगे। साथ ही प्रधानाचार्य समेत अन्य जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। यूपी बोर्ड के सचिव के निर्देश पर डीआइओएस ने भी सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने केंद्र से न जुड़ने वाले विद्यालयों में सीसी कैमरे सक्रिय करने का आदेश दिया है।
बोर्ड परीक्षा के लिए 276 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें राजकीय इंटर कॉलेज छह, 86 सहायता प्राप्त विद्यालय और 184 वित्तविहीन विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है। इस बार बोर्ड की परीक्षा में कुल 1,77,711 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसमें हाईस्कूल 93521 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिसमें बालक 49352 व 44169 बालिका है। वहीं इंटरमीडिएट 84190 परीक्षार्थी शामिल होंगे जिसमें बालक 43700 और 40490 बालिका शामिल होंगे।
पहली बार माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय से भी परीक्षा केंद्रों की निगरानी की जाएगी। माध्यमिक शिक्षा परिषद के क्षेत्रीय कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। यूपी बोर्ड के सचिव ने जिले के 46 परीक्षा केंद्रों को ऑनलाइन जुड़ने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। ताकि सभी केंद्रों से जुड़कर वेबकास्ट से निगरानी की जा सके। पहले डीआइओएस और प्रदेश मुख्यालय स्तर पर निगरानी होती थी।
सचिव ने ऑनलाइन न जुड़ने वाले परीक्षा केंद्रों के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। यदि कोई भी परीक्षा केंद्र ऑनलाइन नहीं जुड़ेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसे लेकर केंद्र व्यवस्थापकों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। - मनोज कुमार मिश्रा, डीआइओएस आजमगढ़।