खबर का हुआ असर, रानी की सराय में रेलवे स्टेशन रोड का शुरू हुआ निर्माण।
- फोटो : AZAMGARH
रानी की सराय। रेलवे स्टेशन सराय रानी की सड़क पर अब बेधड़क होकर चल सकेंगे। जल्द ही यहां की सड़क चकाचक हो जाएंगी। टूटी फूटी सड़क की मरम्मत का काम तेजी से होने लगा है। अमर उजाला ने सड़क पर गड्ढे का मामला प्रमुखता से उठाया था। पीडब्ल्यूडी ने इसे गंभीरता से लिया और निर्माण शुरू करा दिया है। जिससे राहगीरों को काफी सहूलियत मिलेगी। इसे लेकर बाजारवासियों ने खुशी जताई है।
अमर उजाला में सात अक्टूबर की अंक में ‘सड़क खराब, पैदल चलना भी मुश्किल’ शीर्षक से प्रकाशित खबर को पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने गंभीरता से लिया है। कस्बा स्थित रेलवे स्टेशन जाना लोगों के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रही थी। सड़क की दशा इतनी खराब थी कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था। लोग जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे थे। हालांकि सड़क मरम्मत के लिए डीएम के यहां शिकायत भी की गई थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय लोगों की इस समस्या को गंभीरता से लिया गया। खबर प्रकाशित होने के तीसरे ही दिन इसका निर्माण शुरू कर दिया गया। पीडब्लूडी विभाग के सहायक अभियंता इंद्रजीत यादव ने बताया कि रानी की सराय रेलवे स्टेशन मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। शनिवार से काम शुरू करा दिया गया है। मिट्टी डालकर समतल करने का काम पूरा हो गया है। मेला से पहले सड़क का निर्माण करा दिया जाएगा।