सगड़ी तहसील के रामगढ़ से लाटघाट जाने वाला मार्ग क्षतिग्रस्त।
- फोटो : AZAMGARH
सगड़ी। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना यानी पीएमजीएसवाई के तहत रामगढ़-लाटघाट मार्ग का निर्माण हुआ। निर्माण के दो साल बीतते ही सड़क ध्वस्त हो गई। पांच साल की उम्र की गारंटी वाली यह सड़क दो साल भी ठीक ढंग से न चल सकी। हालांकि बीच में इसका मरम्मत कराया गया लेकिन कुछ माह बाद फिर जस का तस रह गया। क्षेत्रीय लोगों ने कई बार शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अधिकारी भी मौन साध लिए हैं। ऐसे में राहगीर हिचकोले खाने को विवश हैं।
लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड द्वारा प्रधानमंत्री ग्राम्य सड़क योजना से 406.59 लाख रुपये की लागत से करीब नौ किमी लंबी रामगढ़-लाटघाट मार्ग का निर्माण हुआ। ठेकेदार द्वारा 24 जून वर्ष 2014 को इस सड़क का निर्माण शुरू कराया गया जो 23 जून वर्ष 2015 में बनकर तैयार हुई। निर्माण में बड़े पैमाने पर हुई अनियमितताओं के कारण एक तरफ सड़क बन रही थी और दूसरी ओर गिट्टियां उखड़ रही थीं। ग्रामीणों ने सड़क के घटिया निर्माण पर प्रश्न खड़ा किया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। कार्यदायी संस्था ने निर्माण कराकर इतिश्री कर ली। हालांकि ठेकेदार द्वारा सड़क की गारंटी पांच वर्षो तक के लिए निर्धारित की गई थी। मौजूदा समय में सड़क पर बने गड्ढे भ्रष्टाचार की कलई खोल रहे हैं। रामगढ़ से लाटघाट जाने वाले मार्ग से बिलरियागंज, मालटरी, पकवा इनार, रामगढ़, मधनापार, विजयापार, बांसगांव, ताड़ी, दान शनिचरा, बह्मौली, बाईपास, गढ़वल, मनिकाडीह, गडेरुआ, हासपुर, लुचुई, खांड, अखईपुर व मनिकाडीह सहित दर्जनों गांवो के लोग आते-जाते हैं। मार्ग क्षतिग्रस्त होने से लोगों को काफी दुश्वारियां का सामना करना पड़ रहा है।