आजमगढ़ जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के जयरानपुर में आंबेडकर प्रतिमा स्थापना की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप था कि जिला प्रशासन की ओर से बार-बार मांग करने के बाद भी अनुमति नहीं दी जा रही है। प्रतिमा स्थापना की मांग को लेकर ग्रामीण मेहता पार्क में धरने पर बैठे हुए थे।
अखिल भारतीय आंबेडकर विचार मंच जन कल्याण समिति के बैनर तले सिधारी थाना क्षेत्र के जयरानपुर के ग्रामीणों ने बाबासाहब आंबेडकर पार्क में प्रतिमा लगाने की मांग को लेकर के जिला मुख्यालय पर जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इसके बाद ग्रामीण कलेक्ट्रेट के सामने स्थित मेहता पार्क में अनिश्चितकालीन धरने और भूख हड़ताल पर बैठ गए।
ग्रामीणों का आरोप था कि काफी समय से आंबेडकर पार्क में प्रतिमा लगाने के लिए मांग की जा रही है। इसके लिए समय-समय पर शिकायती पत्र भी दिया गया है। इसके बाद भी जिला प्रशासन मामले में कोई सुनवाई नहीं कर रहा है। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण मेहता पार्क में भूख हड़ताल पर बैठे हुए थे और नारेबाजी कर रहे थे। मौके पर शहर कोतवाली पुलिस तैनात थी।