आजमगढ़। एक वर्ष पूर्व जीयनपुर कोतवाली में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में पकड़े गए 100 वर्षीय बुजुर्ग की बृहस्पतिवार रात मौत हो गई। पुलिस द्वारा दी गई सूचना के बाद शुक्रवार को जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों को सारी बात से अवगत कराया गया।
मऊ जिले के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के बरथापुर निवासी 100 वर्षीय राजदेव यादव के खिलाफ विगत 18 नवंबर 2020 को जीयनपुर कोतवाली में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया गया था। इस मामले में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया। इसके बाद उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इस बात से राजदेव के परिजन अनजान रहे। जिला कारागार में निरुद्ध बुजुर्ग बंदी की हालत बृहस्पतिवारकी रात अचानक बिगड़ी और उन्हें उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल लाया गया। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस द्वारा दी गई सूचना पाकर शुक्रवार की सुबह मृतक के दो पुत्र हरिकांत व पांचू अन्य पारिवारिक सदस्यों के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। हरिकांत का कहना था कि पिताजी अक्सर लंबे समय तक घर से बाहर रहते थे। इस वजह से परिवार के लोग उनसे बेपरवाह रहते थे। धोखाधड़ी का मामला दर्ज होने के बाबत पूछे जाने पर परिवार के लोगों ने अनभिज्ञता जाहिर की।