आटीओ कार्यालय के पास परानापुर में जलभराव।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। बृहस्पतिवार को हुई बारिश का पानी चार दिन बाद भी कई मुहल्लों से नहीं निकल पाया है। जिलाधिकारी आवास के समीप के परानापुर, घोरठ, मुंडा, हरबंशपुर मुहल्लों के कई इलाके जलमग्न हैं। यहां बिजली की आपूर्ति प्रभावित है और पानी में डूबे घरों में पीने के पानी और खाने की वस्तुओं की किल्लत हो गई है।
नगर के हरवंशपुर स्थित जिलाधिकारी आवास से चंद मीटर की दूरी पर परानापुर गांव स्थित है। इसी से सटा हुआ घोरठ, जाफरपुर, मुंडा आदि घनी आबादी के गांव हैं। जब से हाईवे बना है तबसे रानी की सराय, बेलइसा, हरवंशपुर आदि शहर के पश्चिमी छोर का पानी नालों के माध्यम से हरवंशपुर होता हुआ तमसा नदी में गिरता है। नालों पर अतिक्रमण है, जिससे पानी मंथर गति से निकल रहा है। ऊपर से तमसा नदी उफनाई हुई है। आरटीओ कार्यालय के पीछे स्थित परानापुर गांव में पूर्व सांसद रमाकांत यादव, अतरौलिया विधायक डा. संग्राम यादव सहित कई नेताओं और मानिंद लोगों के आवास हैं। इसके बावजूद इलाके में जलभराव से निजात के उपाय नहीं किए जा सके हैं।