आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र के गोखवल गांव में बुधवार की सुबह पट्टीदारों ने एक छात्रा की चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, पवई थाना क्षेत्र के मोइनुद्दीनपुर गांव निवासी साधना बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी। वह अपने ननिहाल गोखवल गांव में रहती थी। साधना के नाना कमला प्रसाद का चचेरे भाई के परिवार से आए दिन फसल को नुकसान पहुंचाने को लेकर विवाद होता रहता है। बुधवार की सुबह भी मिर्च की फसल को नुकसान पहुंचने पर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया।
साधना ने पट्टीदारों पर आरोप लगाया कि यह फसल उनके द्वारा ही खराब की गई है। उसके आरोपों पर पड़ोसी के दो लड़के तैश में आ गए और उन्होंने साधना को चाकू मार दिया। खून से लथपथ साधना मौके पर ही गिर पड़ी। जब तक परिजन उसे सीएचसी पवई ले जाते, उसने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पवई थने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों से तहरीर लेकर पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।