आजमगढ़। शासन की ओर से पिछले दिनों आजमगढ़ में एटीएस यूनिट की स्थापना के लिए 3000 वर्ग मीटर भूमि मांगी गई थी। जिला प्रशासन की ओर से गंभीरवन में इसके लिए आवश्यक भूमि तलाश भी ली थी। एसपी ने इस भूमि को कम बताया है। कहा है कि यूनिट की स्थापाना के साथ ही यहां ट्रेनिंग सेंटर भी बनाया जाएगा। इसके लिए अब एक हेक्टेयर भूमि की मांग की गई है। साथ ही इसके लिए मंदुरी में एयरपोर्ट के सामने स्थिति भूमि का नाम का निरीक्षण भी किया और जिला प्रशासन को इसे उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजा है।
आतंकवाद को लेकर संवेदनशील आजमगढ़ हमेशा चर्चाओं में रहा है। दिल्ली के बाटला कांड में सरायमीर थाना क्षेत्र के संजरपुर और छांउ आदि का नाम सुर्खियों में आता रहता है। बिलरियागंज, मुबारकपुर भी चर्चा में रहे है। इस कारण जिले में भी आतंकवाद निरोधी दस्ते के यूनिट की जरूरत महसूस की जा रही है। जिले में एटीएस यूनिट की स्थापना को लेकर पिछले माह पुलिस महानिदेशक एटीएस डॉ. जीके गोस्वामी से डीएम को पत्र लिख कर 3000 वर्ग मीटर सरकारी जमीन उपलब्ध कराने को कहा था। एसपी ने भी इसके लिए डीएम को पत्र लिखा था। जिला प्रशासन की ओर से गंभीरवन में आवश्यक भूमि तलाश भी ली गई थी। इस बीच एसपी सुधीर कुमार सिंह ने इसे अपर्याप्त बताते हुए जिला प्रशासन को फिर से पत्र भेजा है। उन्होंने कहा कि यूनिट की स्थापना के साथ ही ट्रेनिंग सेंटर भी बनना है। इसके लिए एक हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता है। एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मंदुरी हवाई अड्डे के सामने भूमि का निरीक्षण किया गया है। ये भूमि आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त है। जिलाधिकारी से इस भूमि को उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजा गया है।
कार्यालय, कमांडो कक्ष व बैरक का होगा निर्माण
आजमगढ़। प्रस्ताव के अनुसार एटीएस के कार्यालय के साथ ही कमांडों कक्ष, बैरक और ट्रेनिंग सेंटर आदि का निर्माण कराया जाएगा। यूनिट के जिले में स्थापित करने के लिए जरूरी भवन के साथ ही अन्य संसाधन भी मुहैया कराए जाएंगे।