जिला निर्वाचन अधिकारी अमृत त्रिपाठी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा आजमगढ़-मऊ स्थानीय प्राधिकारी, निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी पद के लिए द्विवार्षिक निर्वाचन का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। नामांकन की प्रक्रिया 15 मार्च से शुरू होगी जो 19 मार्च तक चलेगी। 21 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
23 मार्च को नाम वापसी होगी और नौ अप्रैल को मतदान होगा। 12 अप्रैल को मतगणना कराई जाएगी। कार्यक्रम के अनुसार जनपद में जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष कलेक्ट्रेट में दिनांक 15 मार्च से 19 मार्च तक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए जाएंगे तथा नामांकन की अन्य प्रक्रिया 23 मार्च तक चलती रहेगी। आयोग के निर्देशों का अनुपालन कराने के लिए नामांकन कक्ष में उम्मीदवार के साथ केवल दो व्यक्तियों को ही नामांकन कक्ष में आने की अनुमति दी जानी है। उम्मीदवार के साथ उनके समर्थकों की भारी भीड़ होती है। जिसे आयोग के निर्देशानुसार नामांकन कक्ष के 100 मीटर की दूरी पर समर्थकों एवं उनके वाहनों को रोका जाना है। जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग लालजी यादव को निर्देश दिए कि आयोग के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 के नामांकन प्रक्रिया की भांति विधान परिषद निर्वाचन के नामांकन स्थल के आसपास बैरियर व बैरिकेडिंग कराएं।