आजमगढ़। तरवां थाना क्षेत्र के कम्हरिया गांव के नवनिर्वाचित बीडीसी पर डीजे का पैसा मांगने पर मारने-पीटने का आरोप लगा है। पुलिस ने बीडीसी समेत कुछ लोगों केे गिरफ्तार कर मामूली धाराओं में जेल भेज दिया। जेल से छूटने के बाद बीडीसी ने समर्थकों के साथ डीजे वाले के घर पर पुन: हमला बोल दिया और तोड़फोड़ करने के साथ ही जानमाल की भी धमकी दिया।
पीड़ित बबलू पुत्र बरसाती का आरोप है कि गांव के वंशराज ने बीडीसी का चुनाव जीतने के बाद मेरे भतीजे सुनील से अपने घर पर खुशी में डीजे बजवाया था। सात जून को भतीजा सुनील पैसा मांगने पहुंचा तो नवनिर्वाचित बीडीसी के अलावा उनके परिवार के लोगों ने उस पर हमला बोल दिया। हम परिवार के साथ बीच बचाव के लिए पहुंचे तो उक्त लोगों ने हमें भी मारपीट कर घायल कर दिया। थाने पर तहरीर दी गई तो पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया और कुछ लोगों को गिरफ्तार कर मामूली धाराओं में चालान भी किया। एक दिन बाद ही उक्त लोग जमानत पर छूट गए। इसके बाद बीडीसी व समर्थकों ने उनके घर पर चढ़ कर हमला बोल दिया और काफी तोड़फोड़ करने के साथ ही जान से मारने की धमकी भी दिया। पीड़ित ने दोषियों पर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।