मेंहनगर सीएससी के बाहर शव रख कर सड़क जाम करते लोग।
- फोटो : AZAMGARH
मेंहनगर। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कोविड का टीका लगवाने के बाद एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई और एक घंटे बाद उसकी मौत हो गई। इससे गुस्सा ग्रामीण शव लेकर सीएचसी पर पहुंच गए और चक्काजाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीण जिलाधिकारी को मौके पर बुलाए जाने की मांग कर रहे थे।
मेंहनगर थाना के देवईत गांव निवासी रामपति राम (54) बुधवार को कोविड का टीका लगवाने के लिए अपनी भाभी सोचनी देवी के साथ सीएचसी मेंहनगर आया था। तीन बजे के लगभग उसे टीका लगा। इसके बाद उसकी तबीयत खराब होने लगी। भाभी ने अस्पताल प्रशासन को जानकारी दी। प्राथमिक उपचार करके उसे घर भेज दिया गया। घर पहुंचते ही रामपति राम की तबीयत काफी बिगड़ गई। जब तक उसे कहीं परिजन इलाज के लिए ले जाते तब तक उसने दम तोड़ दिया। इससे ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और शव लेकर सीएचसी पर पहुंच गए। मेंहनगर-बिंद्रा बाजार मार्ग जाम कर दिया। जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। वहीं पति की अचानक मौत से रामपति की पत्नी विमला का भी बुरा हाल हो गया है। मृतक दो पुत्रों का पिता था। देर शाम को प्रदर्शन स्थल पर एसपी सिटी पहुंचे और उन्होंने लोगोें को आश्वासन देकर शांत कराया। डॉ. देवमणि, अधीक्षक, सीएचसी मेंहनगर ने बताया कि रामपति की मौत किन कारणों से हुई यह तो जांच का विषय है। यदि टीकाकरण के चलते मौत हुई होती तो वह आधे घंटे के अंदर हो गई होती। मृतक टीकाकरण के बाद पूरी तरह स्वस्थ था और अपने घर गया था। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।