सफाई कर्मी को पिटाई के विरोध में जीयनपुर कोतवाली पर प्रदर्शन करते सफाई कर्मी।
- फोटो : AZAMGARH
सगड़ी। नगर पंचायत अजमतगढ़ के एक सफाई कर्मचारी को मनबढ़ ने शनिवार को पीट दिया। जिस पर नगर पंचायत के सभी सफाई कर्मचारी लामबंद हो गए। जीयनपुर कोतवाली घेर लिया और तहरीर देकर आरोपी पर कार्रवाई की मांग की। कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी तो पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
नगर पंचायत अजमतगढ़ के सुखपुर मसोना मुहल्ला निवासी 22वर्षीय सैफ पुत्र शेर मोहम्मद नगरपंचायत में सफाई कर्मचारी है। शनिवार को दिन में साढ़े बारह बजे वह ड्यूटी कर घर जा रहा था। इसी दौरान अंबेडकर मूर्ति के पास एक व्यक्ति से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और उक्त व्यक्ति ने सैफ की जम कर पिटाई कर दिया। सैफ को पीएचसी में भर्ती कराया गया है। वहीं घटना से नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी लामबंद हो गए और जीयनपुर कोतवाली पहुंच कर तहरीर दिया। जिस पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। वहीं सफाई कर्मचारियों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।