देवगांव कोतवाली से कुछ दूरी पर स्थित त्रिमुहानी पर रामलीला का आयोजन चल रहा है। बुधवार की रात रामलीला का मंचन शुरू होने के पूर्व गांव का ही एक युवक महिला का वेश धारण कर मंच पर अश्लील गानों पर डांस कर रहा था। भीड़ एकत्र करने के लिए यह कवायद चल रही थी।
इसी दौरान देवगांव कोतवाली पर तैनात दरोगा अनुपम जायसवाल मौके पर पहुंच गए और जूता पहने हुए ही मंच पर पहुंच कर डांस को बंद कराया। इस पर आयोजन समिति के साथ ही दर्शक दरोगा पर भड़क उठे और हंगामा करने लगे। जानकारी होते ही सीओ मनोज रघुवंशी भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस के समझाने का कोई असर लोगों पर नहीं हो रहा था। सूचना मिलने पर भाजपा जिलाध्यक्ष लालगंज ऋषिकांत राय भी मौके पर पहुंच गए और हस्तक्षेप कर किसी तरह लोगों को शांत कराया। करीब एक घंटे बाद रामलीला का मंचन शुरू हुआ।