रानी की सराय। मेंहनगर थाना अंतर्गत देवईत गांव में पोल पर चढ़ कर लाइन ठीक कर रहा संविदा लाइन मैन करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। उसे इलाज के लिए जिला मुख्यालय स्थित प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान शाम में उसकी मौत हो गई।
सिधारी थाना क्षेत्र के ऊंचीगोदाम गांव निवासी गोविंद (40) कनही 33/11 केवीए सब स्टेशन ऊंची गोदाम पर बतौर संविदा लाइन मैन तैनात था। शुक्रवार की सुबह वह मेंहनगर थाना अंतर्गत देवईत गांव में फाल्ट ठीक करने के लिए शटडाउन लेकर पोल पर चढ़ा था। इसी दौरान अचानक लाइन चालू हो गई और गोविंद करंट की चपेट में आकर गंभीर रुप से झुलस गया। उसे तत्काल इलाज के लिए जिला मुख्यालय स्थित प्राइवेट अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया, जहां देर शाम उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मृत चार पुत्रों का पिता था।