फूलपुर। कोतवाली से महज दो सौ मीटर दूरी पर लबे सड़क सुदनीपुर में मंगलवार की देर रात एक बंद घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर चोरों ने डेढ़ लाख की नगदी सहित चार लाख रुपए के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल में जुट गई। घटना के समय गृहस्वामी पत्नी का इलाज कराने गया हुआ था।
फूलपुर कस्बा निवासी चंदन गुप्ता पुत्र शम्भू कोतवाली से मात्र दो सौ मीटर दूरी पर अपना मकान बनवा कर तीन साल से रह रहे है। इसी मकान में वह ग्लास की दुकान भी खोल रखे है। मंगलवार को पत्नी संध्या गिर गई, जिससे सिर में चोट आ गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। मंगलवार की रात चंदन पत्नी की देखरेख के लिए अस्पताल पर ही रूक गए और घर पर ताला बंद कर दिया। रात में अज्ञात चोर मुख्य गेट का ताला तोड़ कर अंदर घुसे और घर में रखे डेढ़ लाख रुपये नकद के अलावा चार लाख के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। बुधवार की सुबह चंदन अस्पताल से घर पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। पीड़ित ने घटना के बाबत फूलपुर कोतवाली में तहरीर दे दिया है। पुलिस जांच पड़ताल कर वापस लौट गई। पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ थाने में तहरीर दे दिया है।