परिवार से मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर परिवार सहित दीदारगंज थाना पहुंचा क?
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। दीदारगंज थाने के मतलूबपुर गांव में राशन वितरण के दौरान परिवार के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शुक्रवार को परिवार के साथ कोटेदार थाने पहुंचा। पुलिस को तहरीर देकर उक्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस को दी गई तहरीर में दीदारगंज थाना क्षेत्र के मतलूबपुर गांव निवासी और कोटेदार राजेश यादव ने बताया कि उसके नाम से सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान है। तबीयत खराब होने की वजह से उसके घर के सदस्य मजदूर के साथ राशन वितरण का कार्य कर रहे थे, तभी मीरअहमदपुर तिलक गांव के कुछ लोग आए और मेरी पुत्री अंशिका यादव तथा राशन तौल रहे मजदूर मिश्री लाल पुत्र द्वारिका पर लात-घूसों और लाठी डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में दोनों को चोटें आई। यहीं नहीं वितरण के लिए रखे गए खाद्यान्न को इधर-उधर फेंक दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। कोटेदार और उसकी पुत्री अंशिका यादव ने उक्त लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी है। वहीं दीदारगंज थानाध्यक्ष मदन कुमार गुप्ता ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।