आजमगढ़। जिलाधिकारी राजेश कुमार ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने सड़कों के किनारे लगे अवैध होर्डिंग, पोस्टर को तत्काल हटाने और इनको लगाने वालों को नोटिस जारी करने के लिए निर्देश दिए। विद्युत विभाग को दो दिनों के अंदर विद्युत पोल व ट्रांसफार्मर के आसपास झाड़ियों को साफ कराने व टूटी जालियों को ठीक कराने के लिए निर्देश दिए। वहीं पीडब्ल्यूडी व नगर पालिका को क्षेत्र में भ्रमण कर सड़कों को ठीक कराने और डिवाइडर का रंगरोगन करने के लिए निर्देश दिया।
उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं से निर्माण कार्यों को तत्काल पूर्ण कराने और पूरे हो चुके कामों का विवरण कार्यस्थल पर लगाने को कहा। पीडब्ल्यूडी एवं नगरपालिका के अधिकारियों से कहा कि सड़कों के किनारे एवं डिवाइडर पर घास-फूस नहीं मिलनी चाहिए। सारे डिवाइड को पेंट किया जाए। सड़कों पर पानी किसी भी दशा में नहीं रुकना चाहिए। संबंधित अधिकारी तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने वायरल बुखार, डेंगू, चिकनगुनिया पर नियंत्रण करने को कहा। कहा कि अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार फागिंग, सफाई एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जाए। गांवों में भी घरों के आसपास की झाड़ियों की सफाई कर एंटी लार्वा एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करें।