विकास खंड ठेकमा के खराट व मैनपुर ग्राम पंचायत में प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण योजना में अनियमितता सामने आई है। इस मामले में खराट के तत्कालीन ग्राम पंचायत अधिकारी अवधेश सिंह व मैनपुर गांव के ग्राम पंचायत अधिकारी शिवनाथ सरोज को नोटिस जारी किया गया है। उनसे एक हफ्ते में जवाब मांगा गया हैष
भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष विलास राय ने मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला से शिकायत की थी कि खराट गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना में अपात्र लाभार्थियों को चुना गया है। बबूलाल, चंदन, चिंता, इंदु, कल्पनाथ, मुक्तार, पूजा, सभाजीत, सियाराम, सुबाष, आरती व लखपत्ती को आवास दिए गए हैं, जो पात्र नहीं हैं। प्रथम किस्त के 40 हजार रुपये इनके खाते में भेज दिए गए हैं। उधर, विलास राय ने मैनपुर गांव में भी प्रधानमंत्री आवास योजना में अनियमितता की शिकायत की थी। आरोप था कि मैनपुर के ग्राम पंचायत अधिकारी शिवनाथ सरोज जो वर्तमान समय में विकास खंड मार्टीनगंज में कार्यरत हैं, उन्होंने 15 अपात्र लोगों को प्रधान मंत्री आवास योजना का लाभ दिया है। जिसमे जमूर्ति, शशिकला, चनवता देवी, सोनिया, सरिता, शीला, सीता, शारदा, बबिता, प्रमोद, रामसमुझ, किताबुन, शम्भूलाल, राजेश व किरन शामिल है जो अपात्र पाए गए हैं। उक्त लोगों को पहली किस्त के रूप में प्रत्येक को 40 हजार रुपये खाते में भेज दिया गया है। ग्राम पंचायत अधिकारी द्वारा छह लाख रुपये का शासकीय धनराशि का दुरुपयोग किया गया है। जिसके लिए वह पूर्णतया दोषी है। एक सप्ताह के अंदर दोनों ग्राम पंचायत अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।