महिला का आरोप है कि उसका पति सऊदी में रहता है और वह अपनी ससुराल में रहती है। उसके ससुराल वाले उससे पीटते थे और दहेज की मांग करते थे। जब उसने यह बात अपने पति को बताई तो उसने फोन पर तीन तलाक दे दिया।
आजमगढ़ जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव निवासी नूरअफसा पुत्री स्वर्गीय अलीअहमद ने सोमवार को निजामाबाद थाने में तहरीर देकर तीन तलाक का और दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस के अनुसार, नूरअफसा पुत्री स्वर्गीय अली अहमद निवासी मुकुंदपुर थाना निजामाबाद की रहने वाली है। उसकी शादी जुलाई 2017 को निजामाबाद थाना क्षेत्र के गद्दीपुर गांव के कफील पुत्र अमीर से हुई थी।
विज्ञापन
उसका अल्फाज(3) नाम का एक पुत्र भी है लेकिन लगभग एक साल से वह लगातार परिवार वालों का दंश झेल रही थी। आरोप है कि परिवार के लोग दहेज की बार-बार मांग कर रहे थे और तरह-तरह के ताने कस रहे थे। इसको लेकर वह काफी परेशान रहती थी। अभी हाल में इसकी सारी जानकारी उसने सऊदी अरब में रह रहे अपने पति को दी।
पति भी उसको गाली देने लगा और तीन तलाक की बात करने लगा। लगातार फोन से धमकी देने पर वह परेशान होने लगी। आरोप है कि एक दिन घर वालों ने उसे मारा-पीटा और दहेज की मांग की। जब उसने यह जानकारी सऊदी अरब में रहे अपने पति को दी तो पत्नी को गाली देते हुए तीन तलाक दे दिया।
इसके बाद नूर अफसा ने प्रार्थना पत्र लेकर निजामाबाद थाने में तहरीर दी। जिसमें उसने अपने पति के साथ परिवार के कई लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है। नूर अफसा ने बताया कि उसके पास पति की रिकॉर्डिंग भी है, जहां उसने तीन तलाक दिया था।