आजमगढ़। अंबेडकरनगर जिले के टांडा स्थित एनटीपीसी से राख लाद कर निकली एक ट्रक को कार सवार लोगों ने लूट लिया। इसके बाद चालक को ट्रक से उतार कर बदमाश आजमगढ़ की तरफ भाग निकले। चालक की सूचना पर पुलिस सक्रिय हो गई और अतरौलिया थाना पुलिस ने ट्रक को बरामद करने के साथ ही पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही लूट की घटना में प्रयुक्त कार को भी पुलिस ने पकड़ लिया है।
ट्रक संख्या आरजे 11 जीबी 2716 का चालक बृहस्पतिवार को एनटीपीसी टांडा अंबेडकरनगर से राख लाद कर मऊ के लिए चला था। इसी दौरान क्रेटा कार सवार लोगों ने टोल प्लाजा के पास ट्रक को रोक लिया और जबरन उसमें चढ़ गए। इसके बाद ट्रक चालक को नीचे उतार कर मय ट्रक आजमगढ़ की ओर भाग निकले। ट्रक चालक ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दिया। सूचना पर अतरौलिया थाना पुलिस सक्रिय हो गई और देर रात ट्रक को पकड़ लिया। इसके साथ ही ट्रक को लूटने वाले पांच अभियुक्त भी पकड़ लिए गए। इतना ही नहीं पुलिस ने ट्रक लूट की घटना में प्रयुक्त कार को भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में पांचों अभियुक्तों ने अपना नाम मुन्ना पुत्र कनई सिंह, सुभाष पुत्र माता प्रसाद निवासीगण बसई डाग थाना बसई डाग जनपद धोलपुर प्रांत राजस्थान, केशव सिंह पुत्र रघुवीर सिंह निवासी भगतपुरा कस्वा नगर थाना बसई डाग जनपद धोलपुर राजस्थान, लोकेंद्र सिंह पुत्र रामऔतार सिंह निवासी रजई कला थाना वसईडाग जनपद धोलपुर प्रांत राजस्थान व आकाश मौर्या पुत्र श्याम बिहारी मौर्य निवासी विठलपुर थाना रानी सराय जनपद आजमगढ़ बताया। पांचों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया है।