डीसी की गाड़ी से ई-रिक्शा टकराने पर बवाल
- फोटो : अमर उजाला
आजमगढ़ नगर कोतवाली से महज सौ से 150 मीटर की दूरी पर शनिवार की दोपहर लगभग 12 बजे उस समय हंगामा शुरू हो गया, जब डीसी की गाड़ी और ई-रिक्शा की टक्कर हो गई। इस टक्कर में डीसी का वाहन आगे से क्षतिग्रस्त हो गया। उधर ई-रिक्शा में सवार महिला सवारियों की जान बाल-बाल बच गई। इसके बाद सादे वर्दी में पहुंचे पुलिस कर्मियों ने ई-रिक्शा को कोतवाली ले जाना चाहा तो लोगों ने विरोध कर दिया। इसके बाद पुलिस कर्मी वहां से वापस लौट गए, लेकिन जाते-जाते उन्होंने ई-रिक्शा का चालान काट दिया।
यह है पूरा मामला
शनिवार की दोपहर नगर पालिका के पास ई-रिक्शा जो महिलाओं को बिठाकर जा रहा था। इसी दौरान ई-रिक्शा की डीसी की गाड़ी से टक्कर हो गई। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया। डीसी की गाड़ी की ड्राइवर सीट पर बैठा व्यक्ति गाड़ी साइड में लगाकर बाहर निकला और दूसरी साइड में लगे ई-रिक्शा सवार पर रौब झाड़ने लगा। इस पर ई-रिक्शा पर सवार महिलाएं और युवतियां विरोध करने लगीं, लेकिन जनाब कहां मानने वाले, उन्होंने किसी को फोन कर दिया।