अहरौला। बकाया मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर शुक्रवार आशा बहुओं ने आशा संघ की अध्यक्ष बृजबाला सिंह के नेतृत्व में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रदर्शन किया। मांग पूरी न होने पर 14 नवंबर को सीएचसी घेराव और अनशन की चेतावनी दी।
उन्होंने कहा कि मार्च 2020 से आशाओं के प्रतिपूर्ति की राशि भुगतान की मांग कर रहे हैं। लेकिन आज तक भुगतान नहीं हुआ, उसकेेे साथ अन्य बकाया है जो आशाओं को नहीं मिला है। इससे वे भुखमरी के कगार पर पहुंच चुकी हैं। इस संबंध में सीएचसी प्रभारी सहित सीएमओ कार्यालय में बार-बार लिखित और मौखिक रूप से शिकायत की गई। लेकिन एक साल हो गया भुगतान नहीं हुआ। जिससे आशाओं में आक्रोश है। इस दौरान आशाओं ने छह सूत्री मांगों का ज्ञापन सीएचससी प्रभारी को सौंपा। चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो आशा 14 नवंबर से सीएचसी का घेराव कर अनशन करेंगी। इस मौके पर रीना देवी, रेनू सिंह, नीलम यादव, दुर्गावती देवी, उषा, सरला श्रीवास्तव, आशा देवी, सीमा सिंह, प्रियंका, शकुंतला देवी, सुमन आदि मौजूद रहीं। इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक डा. योगेश कुमार गौतम ने कहा कि जल्द ही बकाया भुगतान उनकेे खाते भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।