आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के छत्तरपुर खुशहाल गांव निवासी एक युवक दो दिनों पूर्व मित्र के साथ घर से निकला था और फिर वापस नहीं लौटा। रविवार को परिजनों ने जीयनपुर कोतवाली में उसकी गुमशुदगी भी दर्ज करायी। सोमवार को युवक का शव मऊ जिले के दोहरीघाट स्थित सरयू नदी से बरामद हुआ। युवक का शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।
छत्तरपुर खुशहाल गांव निवासी मनीष यादव (20) शनिवार की शाम छह बजे अपने मित्र अजीत यादव के साथ घर से निकाला था और फिर वापस नहीं आया। देर रात तक घर न वापस लौटने पर परिजनों ने मनीष व अजीत दोनों अपनी मोबाइल भी घर पर ही छोड़ कर गए थे। जिसके चलते उनसे संपर्क नहीं हो सका। अपने स्तर से रातभर खोजने के बाद मनीष के परिजन रविवार को जीयनपुर कोतवाली पहुंचे और गुमशुदगी दर्ज कराया। रविवार को ही मऊ जिले के दोहरीघाट थाना पुलिस ने सरयू नदी से एक शव बरामद किया। जिसकी पहचान मनीष यादव के रुप में हुई। दोहरीघाट पुलिस ने सूचना जीयनपुर कोतवाली पुलिस को दी तो घटना की जानकारी परिजनों को हुई। मनीष चार भाई बहनों में सबसे छोटा था और ट्रैक्टर चलाने का काम करता था।