बरदह थानाक्षेत्र के भीरा बाजार के पास गुरुवार की रात लगभग 12.30 बजे खड़े ट्रक में बोलेरो के घुस जाने से महिला समेत दो की मौत हो गई। हादसे में बोलेरो चालक समेत सात घायल हो गए। सभी का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। बोलेरो सवार देवरिया से चित्रकूट जा रहे थे।
देवरिया जिले के सलेमपुर थानाक्षेत्र के मझवा गांव निवासी रमावती देवी (60) पत्नी चंद्रशेखर, आलोक (9) पुत्र गोपाल, गांव की सुभावती (52) पत्नी लखीचंद, मीरा देवी (40) पत्नी चवन्नी, रिंकू देवी (35) पत्नी सुनील, शोभावती (40) पत्नी रामअवध, देवमती (60) पत्नी लालबचन और अंशिका (11) पुत्री गोपाल के साथ गुरुवार की रात बोलेरो से चित्रकूट जा रहे थे।
देवरिया के मैला थाने के चकरा गोलाई गांव का राजकुमार (45) गाड़ी चला रहा था। रात करीब 12.30 बजे बोलेरो बरदह थानाक्षेत्र के भीरा बाजार के पास अनियंत्रित होकर पीछे से खड़े ट्रक में घुस गई। इसमें सभी लोग घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस जब तक अस्पताल ले जाने का प्रबंध करती, रमावती और आलोक की मौत हो गई। बाकी लोगों को जिला अस्पताल भेजवा दिया गया। पुलिस से सूचना मिलने पर घायलों के घरवाले शुक्रवार को पहुंचे और सभी को अपने साथ लेकर चले गए।