थाना क्षेत्र के सइदवारा बाजार के पास शनिवार की भोर में पहले से खड़े ट्रक में गिट्टी लदा अनियंत्रित ट्रक पीछे से भिड़ गया। इस दौरान ट्रक के पास खड़े दो खलासियों की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। एक की पहचान कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक अलग-अलग ट्रक के खलासी थे और अपना ट्रक खड़ाकर आपस में बात कर रहे थे। तभी पीछे से आ रहे तीसरे ट्रक ने टक्कर मार दिया।
मरने वालों ने एक धीरेंद्र यादव (28) पुत्र मिन्हकू महराजगंज जिला के मिर्जापुर पकड़ी गांव का निवासी था। धीरेंद्र ट्रक पर खलासी का काम करता था। शनिवार की भोर में वह अपने ट्रक पर गिट्टी लादकर गोरखपुर की ओर जा रहा था। रानी की सराय थाना क्षेत्र के सइदवारा बाजार के पास धीरेंद्र के ट्रक का चालक गाड़ी खड़ी कर शौच करने चला गया। उसके ट्रक के पीछे दूसरा ट्रक चालक भी अपना ट्रक खड़ा कर दिया। गाड़ी खड़ी होने पर धीरेंद्र अपने ट्रक से नीचे उतरा और दूसरे ट्रक के पीछे खड़ा होकर उसके खलासी से बात कर रहा था। तभी पीछे से आ रहे तीसरे ट्रक ने खड़े ट्रक में टक्कर मार दिया।
इसमें धीरेंद्र और दूसरे ट्रक के खलासी की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। ट्रक पर लिखे नंबर के जरिए मालिक को घटना की सूचना दी। ट्रक मालिक के जरिए धीरेंद्र यादव की पहचान हो गई। दूसरे खलासी की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। एसओ रानी की सराय मिथिलेश मिश्रा ने बताया कि ओवरलोड तीनों ट्रक पुलिस के कब्जे में हैं।