निजामाबाद थाना क्षेत्र के घुरीपुर मोड़ सफात अड्डी के पास रविवार की रात करीब नौ बजे बाइक सवार बदमाशों की फायरिंग में सपा नेता बाल-बाल बच गए लेकिन उनका साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया। सूचना पाकर मौके पर एसपी समेत कई सपा नेता पहुंच गए।
बता दें कि घुरीपुर के सफात अहमद पूर्व प्रधान और सपा नेता हैं। जाने आलम (42) पुत्र छिद्दन हैदतपुर थाना हयातनगर जिला संभल का रहने वाला है। निजामाबाद के घुरीपुर मोड़ सफात अड्डी के पास कृषि संयंत्र की दुकान चलाता है। रात करीब नौ बजे सफात अहमद,, जाने आलम और फैजान और मेवालाल सभी सफात के मकान पर चौकी पर बैठकर बात कर रहे थे। तभी बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे और फायरिंग के लिए सपा नेता को लक्ष्य किया।
तभी फैजान की नजर उन पर पड़ गई। उसने सपा नेता सफात को अपनी ओर खींच लिया। गोली जाने आलम के सीने में लगी। सभी लोग भागने लगे। बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की। एक गोली जाने आलम के बाएं हाथ में और दाहिने पैर में लगी। फायरिंग के बाद बदमाश निजामाबाद कस्बे की ओर भाग गए। सूचना पाकर मौके पर एसपी अजय कुमार साहनी, एसपी सिटी डा. विपिन ताडा, सीओ सदर केके सरोज समेत कई सपा नेता पहुंच गए। घायल जाने आलम को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया।