सरायमीर थानाक्षेत्र के निजामुद्दीनपुर गांव स्थित एक पेट्रोल पंप के मैनेजर से बाइक सवार बदमाशों ने बुधवार की रात बिक्री के 3.8 लाख रुपये छीन लिए। मैनेजर की तहरीर पर पुलिस ने गुरुवार की देर रात मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। हालांकि पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है।
सरायमीर थानाक्षेत्र के पवई लाडपुर गांव निवासी वसीक अहमद का निजामुद्दीनपुर में पेट्रोल पंप है। यहां गांव निवासी शमीम मैनेजर है। बुधवार की रात 11.30 बजे वह बिक्री के 3.8 लाख रुपये स्कूटी से लेकर वसीक को देने जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उसकी स्कूटी में बाइक से टक्कर मार दी और मैनेजर से रुपये छीनकर फरार हो गए।
इसकी जानकारी मैनेजर ने मालिक को दी। उधर, गुरुवार की देर रात शमीम की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी। थानाध्यक्ष सरायमीर मिथलेश मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उन्होंने मामले को संदिग्ध बताते हुए कहा कि पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे।