सरायमीर में सोमवार की दोपहर पूर्व सांसद रमाकांत यादव की गाड़ी को कार सवार युवकों ने हवाई फायरिंग की। इस मामले में पूर्व सांसद ने केस दर्ज कराया है। सरायमीर पुलिस को दी गई तहरीर में दीदारगंज थाना क्षेत्र के चकगंजअली शाह निवासी पूर्व सांसद भाजपा नेता रमाकांत यादव ने कहा है कि सोमवार की दोपहर करीब एक बजे वह अपने तीन गाड़ियों के काफिले के साथ घर से जिला मुख्यालय आ रहे थे।
जैसे ही वह सरायमीर कस्बे से आगे पहुंचे कि एक लग्जरी कार में सवार पांच युवक उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर आगे निकले और दो राउंड हवा में गोलियां चलाईं। उन युवकों के गोली चलाने का क्या मकसद रहा। यह बात समझ में नहीं आई। रमाकांत ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने इसकी सूचना एसपी को दी। एसपी के आदेश पर सरायमीर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस अज्ञात युवकों के विरुद्ध केस दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।