सगड़ी (आजमगढ़)। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के तुरकौली गांव के लापता किशोर संदीप चौहान (16) की बलिया में लाश मिलने के बाद गुस्साए लोग गुरुवार की शाम करीब पांच बजे सड़क पर उतर आए। ग्रामीणों ने अंजानशहीद बाजार में आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग पर जाम लगा दिया।
पुलिस मौके पर पहुंची तो ग्रामीण उग्र हो गए पुलिस पर पथराव करते हुए दल को खदेड़ लिया। संख्या कम होने से पुलिस दल को पीछे हटना पड़ा। इस दौरान भीड़ ने पुलिस की एक जीप, रोडवेज की बस और ट्रक मेें जमकर तोड़फोड़ की।
बाद में पीएसी और कई थानों की फोर्स के साथ एसपी मौके पर पहुंचे और लाठीभांज कर भीड़ को तितर बितर किया। पुलिस ने 12 लोगों को हिरासत में लिया है।
तुरकौली (झंझवा) गांव का किशोर संदीप चौहान (16) चार सितंबर से लापता था। घर वालों ने पुलिस को तहरीर दी पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। गुरुवार को उसकी लाश बलिया जिले के रसड़ा थाना क्षेत्र के हलधरपुर रेलवे क्रासिंग के पास पेड़ से लटकी हुई लाश मिली। उसके हाथ और पैर बांधे हुए थे।
घर वालों को जानकारी हुई तो वे बलिया पहुंचे और संदीप की पहचान कर उसकी लाश घर ले आए। परिवार के लोगों और ग्रामीणों ने संदीप की हत्या के मामले में जीयनपुर कोतवाली पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आजमगढ़-गोरखपुर मुख्य मार्ग पर स्थित अंजानशहीद बाजार में जाम लगा दिया।
थाने की पुलिस मौके पर पहुंची तो लोग उग्र हो गए और पथराव करते हुए पुलिस दल को खदेड़ दिया। भीड़ पुलिस की जीप, राप्तीनगर डिपों की रोडवेज की एसी बस और एक ट्रक में तोड़फोड़ करने लगी। इसकी सूचना मिलने पर रात आठ बजे के करीब एसपी अजय कुमार साहनी, एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह कप्तानगंज, मुबारकपुर, रौनापार, कंधरापुर, बिलरियागंज आदि थानों की पुलिस के अलावा पीएसी और क्यूआरटी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
भारी संख्या में पहुंचे पुलिसवालों ने लाठी भांजते हुए ग्रामीणों को दौड़ा लिया। पुलिस के भय से ग्रामीण भाग खड़े हुए और जाम समाप्त हो गया। पुलिस ने संदीप की लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। तोडफ़ोड़ और पथराव करने के मामले में करीब एक दर्जन लोग हिरासत में लिए गए हैं। इनके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
शराब के नशे में धुत होकर कुछ लोगों ने बवाल किया है। पुलिस की जीप तोड़ने वालों पर सरकारी संपती के नुकसान और हत्या का मुकदमा दर्ज होगा और रोडवेज बस तोड़ने वालों पर अलग मुकदमा दर्ज किया जाएगा।-अजय कु मार साहनी, एसपी