फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चुनावी रंजिश में फकीर टोले पर हमला

Mon, 04 Apr 2016 12:11 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला, आजमगढ़
विज्ञापन
चुनावी रंजिश में फकीर टोले पर हमला
विज्ञापन
चुनावी रंजिश को लेकर मनबढ़ों ने सरायमीर थाना क्षेत्र के वस्ती गांव के फकीर टोले पर रविवार की दोपहर हमला बोल दिया। लोगों की पिटाई करने के साथ हमलावरों ने उनके घरों में भी तोड़फोड़ की। हमले में पांच महिलाओं समेत सात लोग घायल हुए। मामला दो वर्ग के बीच का होने से क्षेत्र में एकबारगी तनाव हो गया था। पर बाद में मामले की जानकारी पर हालात सामान्य हो गए। एसपी दयानंद मिश्र कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। मामले में नौ नामजद और 40 अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। तनाव को देखते हुए वहां पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। हमलावरों पर तौफीक के घर से 20 हजार रुपये नगद और जरीना की कान की बालियां छीन ले जाने का आरोप है।
विज्ञापन
 वस्ती गांव के करछा पुरवा निवासी चंद्रेश यादव हाल ही में हुए क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव हार गया था। रविवार की दोपहर वह कुछ लोगों के साथ फकीर टोला निवासी सुफियान के घर पहुंचा। वहां उसने टोले के ही मो. हनीफ (65) को घर से बुलवाया और रुपये लेकर वोट न देने का आरोप लगाते हुए उसे पीटने लगा। हनीफ शोर मचाते हुए वहां से भागा तो चंद्रेश के साथियों ने पकड़ लिया। कुछ लोग उसे बचाने आए तो हमलावर उन पर भी टूट पड़े। यह देख टोले के लोग घर छोड़ भागने लगे। हमलावरों ने हनीफ के अलावा नजमा (30), जरीना (35), सलमान (21), नसीमा (8),  फरजाना (16), रुखशाना (6) को घायल कर उनके घरों में घुसकर तोड़फोड़ और लूटपाट की। फकीर बस्ती में हमले की सूचना से क्षेत्र में तनाव फैल गया और एकजुट हो कर पथराव करने लगे। इस पर हमलावर भाग निकले। इस दौरान उनकी दो बाइक वहीं छूट गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराते हुए घायलों को पीएचसी सरायमीर में भर्ती कराया। जहां से सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। 
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक मौके से बरामद बाइक इंद्रेश और गुड्डू की बताई जा रही है। घटना के बाबत हनीफ के पुत्र नसीरुद्दीन ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें उसने सुफियान, हरिकेश, रमेश, संतू, प्रेम यादव, चंद्रेश यादव, साधू, झिनक और स्वारथ को नामजद किया है। इस मामले में 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।  गांव में स्थिति सामान्य है। एहतियात के तौर पर पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। घटना की रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। -  दयानंद मिश्र, पुलिस अधीक्षक।  
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें