पछुआ पार गांव के पास कप्तानगंज-अहरौला मार्ग पर स्थित पंप पर गुरुवार देर शाम दो बाइक पर सवार पांच बदमाश पेट्रोल भरवाने के बाद पैसा मांगने पर कर्मचारियों को तमंचा दिखाकर 15-16 हजार रुपयों से भरा बैग लूटकर फायरिंग करते हुए भागे। सूचना पर पीछा कर रही पुलिस की जीप मंदुरी गांव के पास पलट गई, इसके बावजूद एक बदमाश को पुलिस ने दबोच लिया। अन्य बदमाशों की तलाश जारी है।
पेट्रोल पंप पर देर शाम साढ़े सात बजे मालिक राजाराम यादव केबिन में बैठे थे। पंप पर दो सिपाही भी मौजूद थे। उसी दौरान दो बाइक से पांच बदमाश पहुंचे और कर्मचारियों से पेट्रोल भरवा लिया। पैसा मांगने पर बदमाशों ने कर्मचारियों को तंमचा दिखाकर 15-16 हजार रुपयों से भरा बैग लूट लिया और दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की। जवाब में राजाराम ने भी लाइसेंसी राइफल से फायरिंग की।
सिपाहियों ने भी फायरिंग की। लेकिन बदमाश भाग निकले। सूचना मिलने पर कप्तानगंज, तहबरपुर और कंधरापुर पुलिस ने तीन ओर से बदमाशों की घेराबंदी की। इसी दौरान मंदुरी गांव के पास एसओ कप्तानगंज की जीप पलट गई, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ। अपने को घिरा देखकर बदमाश बाइक छोड़कर गन्ने के खेत में घुस गए। पुलिस ने एक बदमाश को दबोच लिया। अन्य की तलाश की जा रही है।
घटना में शामिल एक बदमाश को दबोच लिया गया है। अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है। - शैलेंद्र सिंह, एसपी ग्रामीण।