देश में डेंगू बुखार हर तरफ फैला हुआ है। इसका फायदा उठाकर बहुत से नर्सिंग होम संचालक, चिकित्सक और पैथालाजी सेंटर मरीजों से इलाज के नाम पर मोटी रकम वसूल रहे हैं। इसकी जानकारी होने पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीकांत तिवारी ने बुधवार को ऐसे डाक्टरों को नोटिस जारी कि या।
उन्होंने कहा कि यदि किसी सेंटर या चिकित्सक के खिलाफ ऐसी शिकायत मिलती है और इसकी पुष्टि होती है तो संबंधित संचालक और चिकित्सक के विरुद्घ प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। बदलते मौसम में कुछ बुखार जो मच्छर जनित होते हैं कभी-कभी विकराल रूप लेकर महामारी के रूप में बदल जाते है।
जनपद में अभी ऐसी कोई स्थिति नहीं है। यदि जनपद के किसी क्षेत्र, समुदाय या व्यक्ति विशेष को इस प्रकार का संक्रमण होता है तो वह तत्काल मुझे या जिलाधिकारी से संपर्क कर सकता है। सभी सरकारी चिकित्सालयों और मंडलीय चिकित्सालय को हिदायत दी गई है कि ऐसे मरीजों की प्राथमिकता के साथ देखभाल करें। सभी चिकित्सालयों में दवाएं और आवश्यक सामग्री उपलब्ध करा दी गई हैं। अगर जरूरत पड़ी तो मरीज को एंबुलेंस से उच्च सेंटर पर भेजने की तैयारी भी की गई है। उन्होंने जनपदवासियों से अपने आसपास सफाई रखते हुए सतर्क रहने की अपील की।