जीटी रोड समालखा फ्लाईओवर से पहले टैंकर की टक्कर से बहन के घर जा रहे बाइक सवार एक चचेरे भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है और टैंकर को जब्त कर चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार निजामपुर गांव निवासी रवि (19) अपने चचेरे भाई विक्की के साथ सोनीपत अपनी चचेरी बहन के पास मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। समालखा फ्लाईओवर से पहले एक टैंकर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जिसमें रवि की मौके पर ही मौत हो गई और विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों ने घायल को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया। जहां से डॉक्टरों ने घायल को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। समालखा थाना पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर टैंकर को कब्जे में लेकर शव को शवगृह में रखवा दिया।
पुलिस ने बुधवार सुबह परिजनों के बयान दर्जकर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने बताया कि वे मूल रूप से महम रोहतक के रहने वाले हैं और अब पानीपत के निजामपुर गांव में लंबे समय से रह रहे हैं।