न्यायालय में पेशी पर आया एक बंदी शुक्रवार की दोपहर अमरूद खरीदने के बहाने सिपाही से हाथ छुड़ा कर भाग गया। घटना के संबंध में लाकअप प्रभारी ने सिपाही के विरुद्ध शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। फरार बंदी की तलाश में क्राइम ब्रांच और महराजगंज थाने की पुलिस को लगाया गया है।
महराजगंज थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव निवासी अमरेज यादव उर्फ दिनेश पुत्र जालंधर यादव को महराजगंज थाने की पुलिस ने वर्ष 2014 में गिरफ्तार किया था। गोली मारकर लूट के आरोप में गिरफ्तार अमरेज तभी से जेल में निरुद्ध था। शुक्रवार को अमरेज की न्यायालय में पेशी थी। बंदियों की सुरक्षा में लगा सिपाही लालबहादुर यादव बंदी को लेकर न्यायालय में पेश कराने गया था।
दोपहर करीब डेढ़ बजे कोर्ट परिसर से वह बाहर निकला। लाकअप आने के लिए सिपाही बंदी को लेकर सड़क पार कर रहा था। इस दौरान अमरेज ने सिपाही से अमरूद खरीदने की बात कहकर अपना हाथ छुड़ा लिया। जैसे ही सिपाही की नजर घुमी कि वहां से भाग गया। बंदी को भागते देख अमरूद विक्रेता ने सिपाही को बताया तो वह शोर मचाते हुए बंदी के पीछे दौड़ा लेकिन वह भीड़ का फायदा उठाकर भाग गया। सीओ नगर, शहर कोतवाल और सिधारी थाने की पुलिस ने काफी खोजबीन की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
घटना के संबंध में लाकअप प्रभारी एचसीपी रामलक्ष्य यादव ने शहर कोतवाली में सिपाही लालबहादुर यादव के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। एसपी कुंतल किशोर ने बताया कि बंदी को पकड़ने के लिए महराजगंज और क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम को लगाया गया है।